अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा हजारीबाग सदर विधायक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ-साथ अंगदान जागरूकता अभियान भी आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अंगदान के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम में पारस हॉस्पिटल की टीम ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, बीएमआई चेकअप, आंखों की जांच, स्त्री रोग संबंधी जांच और अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस शिविर का लाभ उठाया और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस अवसर पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों ने अंगदान की प्रक्रिया, उसके महत्व और उससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है। जागरूकता अभियान के अंत में भाजपा महिला मोर्चा की कई सदस्यों ने अपने अंगदान का संकल्प लिया, जो समाज के लिए प्रेरणादायक पहल रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का यह प्रयास स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा की महिलाएं समाज का अभिन्न अंग हैं और उनका स्वास्थ्य और कल्याण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। भाजपा महिला मोर्चा का यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य और सेवा भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष साक्षी राणा ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अंगदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कार्यक्रम के अंत में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने पारस हॉस्पिटल और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज की टीम को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में एक सफल पहल के रूप में संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।