प्रमंडलीय आयुक्त ने किया सदर अंचल एवं प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण।


हजारीबाग - उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त श्री पवन कुमार के द्वारा आज सदर अंचल एवं सदर प्रखंड का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सर्वप्रथम अंचल कार्यालय के कार्यों की जांच की। जिसमें भूमि हस्तांतरण, अवैध जमाबंदी, म्यूटेशन, आगत-निर्गत पंजी, नीलाम पत्रवाद, लगान निर्धारण के मामले, जिला से आए पत्रों के कंप्लायंस, कैशबुक, आवंटन पंजी एवं भूमि से संबंधित अन्य मामलों की जांच की। आयुक्त महोदय ने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर चर्चा कर कुछ सुधार की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ ससमय और प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचे।

आयुक्त कुमार ने प्रखंड कार्यालय में कार्यालय कार्यों का जायजा लेते हुए रोकड़ पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी, आगत निर्गत पंजी, सूचना अधिकार पंजी, अंकेक्षण पंजी, वाहन लॉग बुक, जनशिकायत पंजी, पेंशन पंजी, सर्विस बुक, सैरात पंजी एवं बंदोबस्त पंजी की अद्यतन स्थिति आदि का जांच किया। साथ ही उन्होंने प्रखंड स्तर पर चल रहे हैं विभिन्न योजनाओं के अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक परियोजना की प्रगति की निगरानी करें और कोई भी अवरोध उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई करें।

इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री इश्तियाक अहमद, अपर समाहर्ता श्री संतोष कुमार सिंह, अंचल अधिकारी मयंक भूषण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतू सिंह सहित प्रखंड और अंचल के सभी विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।