केरेडारी थाना परिसर में शुक्रवार को रामनवमी, ईद और सरहुल त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी रामरतन कुमार वर्णवाल ने की, जबकि संचालन केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने किया।
बैठक में प्रखंड प्रशासन ने क्षेत्रवासियों के साथ विधि व्यवस्था की समीक्षा की। सीओ रामरतन कुमार वर्णवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन की जानकारी दी और सभी से पालन करने की अपील की।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोनों समुदायों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने त्योहारों को शांति और संयम के साथ मनाएं। जुलूस भी निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार ही निकाला जाएगा।
प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने भी लोगों से सौहार्द्र बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने प्रशासन को शांति पूर्ण माहौल बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित थे –
सीओ रामरतन कुमार वर्णवाल, थाना प्रभारी विवेक कुमार, एसआई टिंकू कुमार, जेएलकेएम के बड़कागांव विधानसभा प्रभारी बालेश्वर कुमार, सांसद प्रतिनिधि कर्मचारी साव, मुखिया संघ अध्यक्ष दिनेश साव, भाजपा मंडल महामंत्री नरेश महतो, पूर्व मुखिया तापेश्वर साव, पगार मुखिया झरी लाल महतो, सलगा मुखिया पार्वती देवी, केरेडारी मुखिया पति बैजनाथ महतो, पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेश साव, पूर्व उप प्रमुख रामस्वरूप ओझा, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि निरंजन साव सहित बड़ी संख्या में दोनों समुदाय के लोग शामिल हुए।