झारखंड मुक्ति मोर्चा का 46वां स्थापना दिवस 4 अप्रैल को हजारीबाग में भव्य रूप से मनाया जाएगा


हजारीबाग : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 46वां स्थापना दिवस 4 अप्रैल को हजारीबाग में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर बुधवार को झामुमो जिला कार्यालय, हीराबाग चौक में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता झामुमो केंद्रीय सचिव सह हजारीबाग जिला मुख्य संयोजक संजीव कुमार बेदिया ने की, जबकि संचालन पूर्व जिला सचिव नीलकंठ महतो ने किया। संजीव कुमार बेदिया ने कहा कि यह स्थापना दिवस ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम का आयोजन हजारीबाग जिला स्कूल मैदान में होगा, जहां हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में झामुमो कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम में लाने की अपील की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं से प्रभावित होकर हजारीबाग रामनवमी महासमिति के पूर्व अध्यक्ष कुनाल यादव, मुखिया प्रतिनिधि झमन सिंह भोक्ता और सतीश सिंह ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर संजीव कुमार बेदिया ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।

संजीव कुमार बेदिया ने कहा कि झामुमो ने हमेशा झारखंड के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। यह स्थापना दिवस पार्टी की उपलब्धियों और संघर्षों को जनता तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पार्टी की विचारधारा और झारखंड के विकास में योगदान को प्रमुखता से उजागर किया जाएगा।

संजीव कुमार बेदिया ने बताया कि स्थापना दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आगामी दिनों में और बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा और झारखंड की राजनीति में झामुमो की भूमिका को और मजबूत करेगा।