हजारीबाग - झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू के हजारीबाग आगमन पर सोमवार को वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। परिसदन भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और जोशीले नारों के साथ स्वागत किया।
स्वागत समारोह में वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के दौरे से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।
इसके बाद कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कुंभ स्नान और अयोध्या दर्शन से लौटते समय दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इसके बाद कांग्रेस जिला कार्यालय कृष्ण वल्लभ आश्रम में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ और हजारीबाग के प्रखंड व मंडल अध्यक्षों सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी रणनीति बनाने और जनता के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने पर गहन चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ चर्चा की गई। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शाहजादा अनवर, पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, रामगढ़ जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, चतरा जिला अध्यक्ष गोपाल दूबे, कोडरमा जिला अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार, संतानु मिश्रा, पूर्व मंत्री जय प्रकाश भाई पटेल, हिंदू न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जय शंकर पाठक, अजय साहू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव, विनोद कुशवाहा और नगर अध्यक्ष मनोज नारायण भगत सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इस दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।