हजारीबाग में महाशिवरात्रि की धूम, शिव बारात निकली, मंदिरों में उमड़ी भीड़


हजारीबाग: महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर हजारीबाग में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

हज़ारीबाग़ शहर में भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। छऊ नृत्य, आकर्षक झांकियां और शिव तांडव की प्रस्तुति ने बारात की शोभा बढ़ा दी। भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते शिवभक्ति का आनंद लिया।

हज़ारीबाग़ शहर के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

शहर में निकलने वाली शिव बारात के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हजारीबाग में महाशिवरात्रि का यह भव्य आयोजन भक्तों के लिए आस्था और उल्लास से भरा रहा।