हजारीबाग: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश द्वारा कटकमदाग प्रखंड में एक प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत सिरसी में भाजपा हजारीबाग द्वारा एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस बैठक का उद्देश्य पार्टी के सदस्यता अभियान को गति देना और संगठनात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा करना था।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की सफलता का श्रेय संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण को दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ मंत्र को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने विचार और सुझाव साझा किए, जिन्हें विधायक ने गंभीरता से सुना और क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को प्राथमिकता देते हुए घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने की योजना बनाई गई। युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सुमन कुमार पप्पू, अजय साव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष इन्द्र नारायण कुशवाहा, कटकमदाग मंडल अध्यक्ष अरुण राणा, वार्ड पार्षद बादशाह पासवान, मुखिया राजेश कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सभी ने संगठन की मजबूती के प्रति अपने विश्वास और समर्पण को व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की गई।