हजारीबाग: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं संग की बैठक, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर।

रिपोर्टर पिंटू कुमार

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रविवार को हजारीबाग प्रवास के दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह के आवास पर शिष्टाचार भेंट की, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत से पार्टी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। मुन्ना सिंह ने इस बैठक को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे संवाद से संगठन को एकजुटता और मजबूती मिलती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने डुमरोन पंचायत और तिलरा गांव में शोक कार्यक्रमों में भाग लेकर परिवारों को सांत्वना दी। इसके बाद वे जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान प्रमुख रूप से जय शंकर पाठक, शैलेंद्र यादव, मनोज नारायण भगत, अभिषेक राज़, और अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठनात्मक एकता पर जोर दिया।