लातेहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता: भाकपा माओवादी चंद्रदेव सिंह गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद




लातेहार पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भाकपा माओवादी चंद्रदेव सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी को मनिका थाना क्षेत्र के करमाही गांव से पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद चंद्रदेव सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया, जिसमें 2 फोल्डिंग बट AK-47 राइफल, 4 मैगजीन, और 91 चक्र जिंदा कारतूस (7.62 मिमी) शामिल हैं। इसके अलावा अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चंद्रदेव सिंह लातेहार जिले के कई मामलों में वांछित था और भाकपा माओवादी के रिजनल कमांडर छोटू खरवार की हत्या का मुख्य आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने में बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई के लिए टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।