प्रखंड के कुसुंभा पंचायत भवन सभागार में कटकमदाग और कुसुंभा पंचायत के कुल 40 प्रवासी श्रमिकों के बीच बांटा सुखा राशन युक्त राहत पैकेट्स
घर वापस लौटे प्रवासी श्रमिकों के हुनर से आत्मनिर्भर बनेगा क्षेत्र और मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था- मनीष
देश के महानगरों से कोरोना आपदा काल के दौरान अपने गांव- घर वापस लौटे प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य सरकार द्वारा उन्हें राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री आहार पैकेट्स वितरण अभियान की शुरुआत की गई है। गुरुवार को सदर विधायक मनीष जायसवाल ने सदर विधानसभा क्षेत्रांतर्गत कटकमदाग प्रखंड में इन प्रवासी श्रमिकों के बीच मुख्यमंत्री आहार पैकेट्स वितरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रखंड के कुसुंभा पंचायत भवन सभागार में कटकमदाग और कुसुंभा पंचायत के कुल 40 प्रवासी श्रमिकों के बीच सुखा राशन युक्त राहत पैकेट्स का वितरण किया। उक्त फूड पैकेट्स में प्रति पैकेट्स 10 किलो चावल, 1 किलो अरहर दाल, 1 किलो चना दाल, 1 लीटर सरसों तेल तथा 1 किलो नमक उपलब्ध है ।
मौके पर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने बताया कि कटकमदाग प्रखंड में कुल 1027 प्रवासी श्रमिक वापस लौटे हैं। जिनमें से अभी कुल 300 पैकेट्स प्रखंड मुख्यालय को इनके बीच वितरण हेतु उपलब्ध कराया गया है। उक्त पैकेट्स का वितरण कार्य की विधिवत शुरुआत होने के पश्चात नियमित रूप से इसका वितरण सभी श्रमिक भाई- बहनों के बीच किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घर वापस लौटे प्रवासी श्रमिकों के हुनर से जहां यह क्षेत्र आत्मनिर्भर बनेगा वहीं ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और श्रमिक भाई- बहन भी सशक्त होंगे। इस उद्देश्य को लेकर मोदी सरकार विशेष रणनीति के तहत योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
आहार पैकेट्स वितरण अभियान की शुरुआत के अवसर पर सदर विधायक मनीष जायसवाल के साथ विशेष रूप से कटकमदाग प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र मंडल, कटकमदाग विधायक प्रतिनिधि अजय साहू, प्रखंड प्रमुख अशोक यादव, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष इंद्र नारायण कुशवाहा, कुसुंभा मुखिया गणेश तुरी, कटकमदाग मुखिया आशीष कुमार गुप्ता, प्रखंड भाजयुमो अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार, प्रखंड किसान मोर्चा अध्यक्ष कमल कुमार साहू, भाजपा कार्यकर्ता अरुण राणा, बसंत यादव, सुनील यादव, राकेश यादव, चेतलाल यादव सुरेंद्र राणा, सदर विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे ।